Bihar Election 2025: "...मंदिर बनाकर आप लोगों को कितना रोजगार देंगे", खेसारी लाल यादव ने रवि किशन को दिया करारा जवाब
Monday, Oct 27, 2025-01:37 PM (IST)
Bihar Election 2025: भोजपुरी गायक-अभिनेता और छपरा से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) ने सोमवार को कहा कि वह किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि धर्म के नाम पर लोगों को भड़काने वालों के खिलाफ हैं। उनकी यह टिप्पणी भोजपुरी स्टार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) की अप्रत्यक्ष आलोचना के बाद आई है, जिन्होंने खेसारी पर सनातन धर्म के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया था।
मैं कभी धर्म के खिलाफ नहीं रहा और आज भी नहीं हूं- Khesari Lal Yadav
रवि किशन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा, "मैं कभी धर्म के खिलाफ नहीं रहा और आज भी नहीं हूं। लेकिन जो लोग धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं, जो लोग धर्म के नाम पर लोगों को भड़काते हैं, मैं उनके खिलाफ हूं। अब उन्हें लगता है कि मैं उनकी सोच के खिलाफ हूं, तो मैं भी धर्म के खिलाफ हूं... मैंने कहा कि मंदिर ज़रूरी है, लेकिन कॉलेज, शिक्षा, अस्पताल और लोगों की रोज़ी-रोटी भी ज़रूरी है। सिर्फ मंदिर बनाकर आप लोगों को कितना रोजगार देंगे?... और रवि किशन के बारे में कुछ मत कहिए। उसने योगी आदित्यनाथ के सामने सिर्फ इतना कहा था कि अगर गोरखपुर में जलोगे तो सीधे स्वर्ग जाओगे... वो कुछ भी कह सकते हैं। और योगी आदित्यनाथ इस बयान पर हंस रहे थे...बड़े भाई हैं, वो कुछ भी बोल सकते हैं।"
इन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री को बेच दिया- Ravi Kishan
इससे पहले रविवार को रवि किशन ने आरजेडी उम्मीदवार और गायक-अभिनेता खेसारी लाल यादव पर निशाना साधते हुए कहा, "जैसे ही हम सदन में गए, उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री को बेच दिया। जहां मेरी फिल्में छपरा और पूरे बिहार में सिल्वर जुबली मनाती थीं, आज वहां एक भी दर्शक नहीं है।" भाजपा सांसद ने आगे कहा, "अब मां जानकी का मंदिर बनने जा रहा है, विपक्ष के ये लोग मुंह खोल रहे हैं। आप राम मंदिर के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, और अब आप मां जानकी के बनने वाले मंदिर के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं। अब आप कह रहे हैं कि उस जगह अस्पताल होना चाहिए? उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में काम किया, सनातन का नाम लिया, काम किया और पैसा कमाया। हमें भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था, हमने उसे इन लोगों को सौंप दिया और हम सदन में गए। जैसे ही हम सदन में गए, इन लोगों ने भोजपुरी इंडस्ट्री को बेच दिया। भोजपुरी को बदनाम किसने किया?"
गौरतलब है कि मनोज तिवारी, रवि किशन, पवन सिंह और दिनेश यादव (निरहुआ) समेत कई भोजपुरी सितारे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं और बड़े पदों पर हैं। हालांकि, इसके विपरीत, खेसारी लाल यादव इसी साल बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए। इसके बाद, खेसारी को छपरा सीट से राजद का उम्मीदवार घोषित किया गया।

