JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उठी बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग, संजय झा बने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष

6/29/2024 1:47:44 PM

नई दिल्ली/पटना: दिल्ली के कंस्टीट्यूशनल क्लब में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक जारी है। इस बैठक में की अध्यक्षता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। बैठक में संजय झा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें जदयू का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव लेकर आए थे, जिसका सभी ने समर्थन किया। 

उम्मीद है कि विशेष दर्जे या पैकेज की मांग पूरी होगी: झा
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री और जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा रामनाथ ठाकुर, पार्टी के सभी सांसद, एवं बिहार और अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। जद(यू) नेता नीरज कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकिारिणी की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहला, राजनीतिक और दूसरा संगठनात्मक। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) जी ने राज्यसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया।'' नीरज कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को एक विशेष पैकेज देने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है। कार्यकारी अध्यक्ष पद पर अपनी नियुक्ति के बाद झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार पर हमेशा ध्यान देते हैं और उम्मीद है कि विशेष दर्जे या पैकेज की (राज्य की) मांग पूरी होगी।

झा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय महत्वपूर्ण
बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रह चुके झा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से की थी। बाद में, वह जद (यू) में शामिल हो गए। वह जद(यू) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य योजना परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। झा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें भाजपा नेतृत्व के साथ अच्छे समीकरण के लिए जाना जाता है। वह राज्यसभा में पार्टी के नेता भी हैं। कभी भाजपा के दिवंगत नेता अरुण जेटली के करीबी रहे झा को जद(यू) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने के बाद उन अटकलों को भी विराम लगने की संभावना है, जिनमें अक्सर यह दावा किया जाता रहा है कि नीतीश कुमार कभी भी पाला बदल सकते हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सी. त्यागी ने पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार ने घोषणा की कि वह अब हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा बने रहेंगे और उनके कहीं इधर-उधर जाने का सवाल ही नहीं उठता। पार्टी सूत्रों ने कहा कि झा भाजपा से अच्छा तालमेल रखने और दोनों दलों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए उपयुक्त हैं। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर तथा देशभर के अन्य वरिष्ठ नेता दिल्ली में आयोजित बैठक में शामिल हुए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static