सैम पित्रोदा के रंगभेद वाले बयान पर गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को घेरा, कहा- देश से माफी मांगे सोनिया और राहुल गांधी

5/9/2024 11:22:16 AM

बेगूसराय: सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के विवादित बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को बांटने का काम किया है। पहले उन्होंने हिंदू मुसलमान के आधार पर बांटा फिर उत्तर दक्षिण के नाम पर बांटा अब रंग देखकर रंग के आधार पर बांट रहे हैं।

'सोनिया और राहुल गांधी को देश से मांगनी चाहिए माफी'
गिरिराज सिंह ने कहा कि इसके लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति होती है। सैम पित्रोदा ने देश को अपमानित किया, PM मोदी को अपमानित किया। गिरिराज सिंह ने कहा कि जब देश आक्रोशित होता है तो वे(कांग्रेस) पद से हटाते हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

बता दें कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत के पूर्व में लोग चीनी जैसे दिखते हैं और दक्षिण में अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। वहीं, इस बयान के बाद देश में विवाद इतना बढ़ गया कि सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। यह जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने दी।कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्ज़ी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static