Bihar Elections 2025: CM नीतीश के हुए पूर्व सांसद अरुण कुमार, बेटे ऋतुराज के साथ थामा JDU का दामन
Saturday, Oct 11, 2025-04:01 PM (IST)
Bihar Elections 2025: जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार अपने बेटे ऋतुराज के साथ जेडीयू में शामिल हो गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री सह वरिष्ठ जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। जद(यू) में उनकी यह दूसरी पारी है।
पटना स्थित जद(यू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी मौजूद थे। संजय झा ने इस मौके पर कहा, ‘‘अरुण कुमार और ऋतुराज के शामिल होने से जद(यू) को जहानाबाद के साथ-साथ पूरे मगध क्षेत्र में नयी ऊर्जा मिलेगी। जनता अब विकास की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम पर भरोसा जता रही है।''
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, ‘‘समता पार्टी के जमाने से ही अरुण बाबू हमारे सहयोगी रहे हैं। बीच में वह अलग हो गए थे, लेकिन अब घर वापसी कर चुके हैं। पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।'' उल्लेखनीय है कि डॉ. अरुण कुमार भूमिहार समुदाय से आते हैं और लंबे समय से मगध क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले अरुण कुमार ने 2024 लोकसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर लड़ा था। उन्होंने अब एक बार फिर जद(यू) में वापसी की है।

