BJP में शामिल हो सकते हैं झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन, बेटे को भाजपा से टिकट दिलाने की चर्चा तेज

Saturday, Aug 17, 2024-12:11 PM (IST)

रांची: राजनीतिक गलियारे में यह अटकलें लगाई जा रही है कि जल संसाधन विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा घाटशिला सीट से उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को भाजपा से टिकट दिलाने की भी चर्चा जोरों पर है।

PunjabKesari

जानकारी के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम से मंत्री चंपई सोरेन ने अपने संबोधन के दौरान एक बार भी हेमंत सोरेन का जिक्र नहीं किया और न ही इस दौरान चंपई सोरेन ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सिर्फ अपने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल की उपलब्धियों का बखान किया। वहीं, इससे पहले जब चंपई सोरेन सीएम के पद पर थे तो वह हमेशा अपने संबोधन में हेमंत सोरेन का जिक्र किया करते थे और भाजपा पर भी हमला बोलते थे।

PunjabKesari

बता दें कि जेल से बाहर निकलते ही हेमंत सोरेन द्वारा चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद से ही भाजपा के नेता चंपई सोरेन के पक्ष में हैं। भाजपा के कार्यकर्ता चंपई सोरेन के कार्यकाल की भी सराहना कर रहे हैं। वहीं, चंपई सोरेन के समर्थकों में भी इस बात की नाराजगी हैं कि 2-3 माह के लिए अगर चंपई सोरेन मुख्यमंत्री रहते तो क्या अनर्थ हो जाता। ऐसी क्या जल्दबाजी थी कि हेमंत सोरेन ने जेल से बाहर निकलते ही चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया और खुद कुर्सी पर बैठ गए।

गौरतलब है कि चंपई सोरेन फरवरी 2024 में झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। हेमंत सोरेन के गिरफ्तार होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्य की कमान सौंपी थी, लेकिन जब हेमंत सोरेन बाहर आए तो जुलाई महीने में चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा और हेमंत सोरेन ने फिर से सीएम पद संभाला। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने 3 जुलाई को सीएम पद से इस्तीफा दिया था। वहीं, हेमंत सोरेन ने 1 दिन बाद ही यानी 4 जुलाई को सीएम पद की शपथ ले ली थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static