नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुसे 5 विदेशी नागरिक...पटना भागने की फिराक में थे, बस स्टैंड से पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sunday, Sep 21, 2025-06:38 PM (IST)

Motihari News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के सीमावर्ती शहर घोड़ासहन से पांच विदेशी नागरिक गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया किसभी गिरफ्तार विदेशी नागरिकों ने नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय सीमा क्षेत्र में प्रवेश किया था।
सूत्रों ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने शनिवार देर शाम संयुक्त कार्रवाई कर पांच विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार सूडान और एक बोलीविया का नागरिक शामिल है। सभी ने नेपाल सीमा से होकर भारत में प्रवेश किया था। पुलिस ने अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वो पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन बस स्टैंड से पटना जाने के लिए अंधेरे में बैठकर बस का इंतजार कर रहे थे। आश्चर्यजनक रूप से इन विदेशियों के पास पहले से ही बस की टिकट मौजूद थी जो किसी ने उन्हें खरीद कर दिया था।
गिरफ्तार किए गए पांच विदेशियों में सूडान के अब्दुल फ़तिह, रमा सिद्दीकी, अली अब्दुल ग़फ़्फ़ार, अहमद डफआला ( और एक बोलीविया का मिगुएल सोलानो चावेज शामिल हैं। पूछताछ में सूडानी नागरिकों ने बताया कि वे हैदराबाद में पढ़ाई करते हैं। हालांकि, नेपाल सीमा से भारत आने का कारण वे नहीं बता पाए। बोलीविया का नागरिक भी अपने आने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं कर सका। उनके पास से कई उर्दू में लिखे नोट्स और पुस्तकें बरामद हुई हैं।