दिलीप जायसवाल ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव'' का किया समर्थन, कहा- इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पारदर्शी और कारगर बनेगी

Friday, Sep 20, 2024-09:27 AM (IST)

पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' से देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया संगठित, पारदर्शी और कारगर बनेगी। 

"देश के संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा"
दिलीप जायसवाल ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' के सिद्धांत का गुरुवार को पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि यह पहल भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक संगठित, पारदर्शी और कारगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे देश के संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। बार-बार चुनाव कराने से जो समय, पैसा और ऊर्जा खर्च होती है उसे बचाकर विकास के कार्यों में लगाया जा सकता है। |

"राजनीतिक स्थिरता का बनेगा माहौल"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यही नहीं इससे प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी और राजनीतिक स्थिरता का माहौल भी बनेगा। यह नीति न केवल सरकार और प्रशासन के कामकाज को बेहतर बनाएगी बल्कि जनता के हित में भी होगी। बार-बार चुनावों की प्रक्रिया से छुटकारा मिलने पर जनता पर होने वाला अतिरिक्त बोझ भी समाप्त होगा। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' देश को एकजुट रखने की दिशा में भी एक ठोस प्रयास है।

डॉ. जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश भाजपा इस मुद्दे पर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार के इस पहल का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने जनता से इस महत्वपूर्ण बदलाव के प्रति जागरूक होने और देश की प्रगति के लिए इसे स्वीकार करने का आह्वान किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static