झारखंड: जगन्नाथपुर रथयात्रा में शामिल हुए CM हेमंत सोरेन, राज्यवासियों को दी बधाई और शुभकामनाएं

Monday, Jul 08, 2024-08:35 AM (IST)

रांची: झारखंड में रथयात्रा उत्सव के अवसर पर रविवार को सैकड़ों लोग 17वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के लिए उमड़ पड़े। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक कल्पना सोरेन के साथ भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं में शामिल हुए। 

PunjabKesari

सीएम ने राज्यवासियों की सुख- शांति एवं उन्नति की कामना की
इस अवसर पर आयोजित पूजन-अनुष्ठान कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा -अर्चना कर राज्यवासियों की सुख- शांति, समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने राज्य की समस्त जनता को रथयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने आस्था एवं भक्ति के समागम में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के साथ जय जगन्नाथ के जयकारे लगाए और रथ की रस्सी को हाथ लगाकर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को मौसीबाड़ी के लिए आगे बढ़ाया। 

PunjabKesari

रथयात्रा में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
ऐतिहासिक रथयात्रा के अवसर पर आयोजित पूजा-अनुष्ठान में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक राजेश कच्छप, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय एवं विनोद पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट डाला, ‘‘भगवान जगन्नाथ महाप्रभु आप सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। आप सभी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहें, यही कामना करता हूं।'' उत्सव में भाग लेने के बाद सोरेन ने कहा, ‘‘हर साल की तरह हमने आज भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में भाग लिया। मैं झारखंड और देश के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।" जगन्नाथ मंदिर से मौसी बाड़ी तक 300 मीटर के क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static