CM हेमंत ने झारखंड की बहनों को रक्षाबंधन की दी बधाई, कहा- मंईयां सम्मान योजना के तहत एक भाई ने बहनों को दिया तोहफा

Monday, Aug 19, 2024-12:51 PM (IST)

रांची: आज भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक का पर्व रक्षाबंधन पूरे देश में मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में रक्षाबंधन के त्योहार का विशेष महत्व होता है। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य की सभी बहनों को रक्षाबंधन की बधाई दी है।

सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह पावन पर्व झारखंड की आधी आबादी को स्वस्थ जीवन, सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करे, यही कामना करता हूं। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के अंतर्गत आपके इस भाई और झारखंड सरकार ने राज्य की लाखों बहनों को इस ऐतिहासिक योजना के तहत सम्मान देने का जो महाअभियान शुरू किया, वो फलीभूत हो रहा है। सीएम ने आगे कहा कि बहनों के बैंक खाते में सम्मान राशि जानी शुरू हो चुकी है। हर साल, हर बहना को 12 हजार रुपए की सम्मान राशि उनकी शक्ति बन रही है, उनकी ताकत बन रही है। आप सभी को पुनः अनेक-अनेक बधाई और जोहार। भाई-बहन के अटूट स्नेह के इस पावन रक्षा बंधन त्योहार पर झारखंड समेत समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।

 

बता दें कि सीएम हेमंत ने बीते रविवार को यानी रक्षाबंधन के एक दिन पहले लगभग 57 हजार चयनित महिलाओं के खाते में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर की है। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को शुरू किया गया है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 की आर्थिक सहायता राशि का लाभ दिया जाएगा जिससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर आत्मनिर्भर हो सकें। झारखंड सरकार द्वारा इस योजना के माध्यम से पूरे राज्य में 48 लाख बहन- बेटियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। जारी गाइडलाइन के अनुसार, 21 से 50 वर्ष की उम्र की जिन युवतियों का राशन कार्ड में नाम और आधार कार्ड पर झारखंड लिखा होगा उसे योजना का लाभ मिलेगा। यदि महिलाओं का नाम राशन कार्ड में नहीं है, वह अपने पिता और पति के नाम के आधार पर भी योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static