Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर लौटेगी सर्दी, जानें अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम। Weather Report
Sunday, Feb 02, 2025-02:56 PM (IST)
Bihar Weather: फरवरी शुरू होते ही बिहार का मौसम बदल गया है। राज्य में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं, पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 5 दिन का पूर्वानुमान जारी किया है।
इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट।। Bihar Weather Update
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिन तक न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री के आसपास रह सकता है। 5-6 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहने वाले हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान थोड़ा गिर कर 8 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 3 फरवरी का पश्चिमी विक्षोभ अधिक शक्तिशाली होगा। इससे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान लोगों को हल्की ठंड महसूस होगी। वहीं, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 10 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सहरसा, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया और किशनगंज शामिल हैं।
शनिवार को औरंगाबाद जिला रहा सबसे अधिक गर्म
बता दें कि शनिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान औरंगाबाद का 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 7 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो सर्दी के शुरुआती महीनों यानी नवंबर से दिसंबर के बीच जितनी ठंड पड़नी चाहिए थी, उतनी नहीं पड़ सकी। जनवरी के शुरुआती दिनों में ठंड देखने को मिली। लेकिन महीना खत्म होते होते तापमान फिर से सामान्य से ऊपर चला गया है। इस बार बिहार में ठंड की शुरुआत देरी से हुई है। इसी वजह से उम्मीद की जा रही है। इसकी विदाई भी देरी से ही होगी।