22 जनवरी को झारखंड के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान, 2.30 बजे तक बंद रहेंगे दफ्तर, हेमंत सरकार ने की घोषणा

Sunday, Jan 21, 2024-05:34 PM (IST)

Ranchi: अयोध्या (Ayodhya) में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हर तरफ धूम है। पूरा देश राम मय हो गया है। वहीं, इसके चलते हेमंत सरकार ने 22 जनवरी (सोमवार) को सभी सरकारी कार्यालय दोपहर 2:30 तक बंद रखने की घोषणा की है। साथ ही झारखंड सरकार ने सरकारी स्कूलों में पूरे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।

PunjabKesari

गुमला शहर को भगवा झंडी से सजाया जा रहा है
बता दें कि पूरे राज्य में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हर्षोल्लास है। रांची सहित राज्य के अन्य जिलों के लोगों में काफी उत्साह है। बात करें गुमला जिले की तो यहां 22 जनवरी को लेकर बड़ी खास तैयारी की जा रही है। गुमला में राम जी की भक्ति की बयार बह रही है। सभी राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी गाना गुनगुना रहे हैं। इस दिन का सभी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यहां अलग तरह का ही रोमांच देखने को मिल रहा है। गुमला शहर को भगवा झंडी से सजाया जा रहा है। यहां के सभी मंदिरों में भी रंग रोगन व साज सज्जा की जा रही है। जिला मुख्यालय के पटेल चौक में सनातन मंच के बैनर तले सनातन धर्मावलंबियों द्वारा प्रभु श्री राम जी का लगभग 30 फीट ऊंचा कट आउट लगाया गया है। वहां से गुजरने वाले लोग प्रभु श्री राम जी की इस आकर्षक कट आउट के दर्शन करके ही जा रहे हैं।

रांची में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पुलिस अलर्ट
वहीं, देवघर झोसागढ़ी राम मंदिर से श्री राम के लिए भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। 1000 से ज्यादा महिला पुरुष और बच्चियों ने श्री राम के इस भव्य शोभायात्रा में हिस्सा लिया। ढोल- नगाड़े, घोड़े और राम जानकी की झांकी भी निकाली गई है। मौके पर आयोजकों ने बताया कि हमारे देश के लिए श्री राम का अपने घर आना सौभाग्य का दिन है। पूरा देश आज राम मय हो चुका है। प्रभु राम कल अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा हो जाने के बाद हम सभी राम के दर्शन करने के लिए जाएंगे। उधर, रांची में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। जगह-जगह पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है, साथ ही संवेदनशील स्थानों में पुलिस की खास नजर है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए पुलिस की खास टीम बनाई गई है। उत्सव के माहौल में कोई खलल न पड़े और समाज में तनाव न फैल सके इसे लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static