Lok Sabha Election: कुख्यात अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी मुंगेर से लड़ेंगी चुनाव, लालू ने दिया सिंबल
Saturday, Mar 23, 2024-12:35 PM (IST)

Lok Sabha Election 2024: राजद (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव (Lalu Yadav) ने महागठबंधन (Mahagathbandhan) के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान होने से पहले ही लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों को सिंबल देना शुरू कर दिया। इसी कड़ी में लालू यादव ने कुख्यात अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को भी पार्टी का सिंबल दिया है। बताया जा रहा है कि अनीता देवी राजद के टिकट से मुंगेर से चुनाव लड़ेंगी।
अशोक महतो ने आनन-फानन में की थी शादी
बता दें कि 19 मार्च को बिहार के कुख्यात अशोक महतो ने 62 साल की उम्र में शादी कर ली थी। अशोक की पत्नी उनसे 16 साल छोटी हैं। अशोक महतो के ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसकी वजह से वो चुनाव नहीं लड़ सकते। इसलिए उन्होंने आनन-फानन में 2 दिन के अंदर शादी की। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव ने अशोक महतो को बुलाकर कहा था कि चुनाव लड़ो। साथ ही लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि चुनाव में किसी भी तरह का कोई मुद्दा न बने इसके लिए आप शादी कर लो। महतो शादीशुदा नहीं थे। उन्हें डर था कि अगर वह चुनाव लड़ेंगे तो कोई न कोई कहानी बनाकर नॉमिनेशन रद्द न हो जाए, इसलिए सेफ साइड खेलने के लिए उन्होंने दो दिनों में शादी कर ली।
इससे पहले राजद ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने छह उम्मीदवारों पार्टी का सिंबल दिया था। लालू यादव ने गुरुवार को गया से पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत, बक्सर से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह, उजियारपुर से पूर्व मंत्री आलोक मेहता, जमुई से अर्चना रविदास, नवादा से श्रवण कुशवाहा और औरंगाबाद से अभय कुशवाहा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।