आज Jharkhand आ रहे हैं अमित शाह, विधानसभा चुनाव के तैयारियों की करेंगे समीक्षा
Saturday, Jul 20, 2024-11:38 AM (IST)

रांची: आज यानी शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह झारखंड आ रहे हैं। पार्टी ने रांची में प्रदेश की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक बुलाई है। बैठक को शाह मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करेंगे। शाह विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का चुनावी बिगुल फूकेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं को जीत के लिए एकजुट होकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध करेंगे।
विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में शाह भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। इसमें बड़ी संख्या में प्रदेश, जिला व मंडल स्तर की कार्यसमिति और पार्टी के विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। दो सत्रों में होने वाली बैठक के पहले सत्र में शनिवार की सुबह कार्यसमिति के सदस्यों को प्रदेश के नेता संबोधित करेंगे। इसमें सांसदों और विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा। बैठक के दूसरे सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
इसके बाद शाह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रमुख नेताओं और प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस सभा में प्रदेश, जिला, मंडल स्तर की कार्यसमिति और पार्टी के विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के 26 हजार से ज्यादा पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। अमित शाह शनिवार को लगभग 6 घंटे तक रांची में रहेंगे। यहां पर शाह भाजपा के 26 हजार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। विधानसभा चुनाव प्रभारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
बता दें कि असम के मुख्यमंत्री व झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता विश्व शर्मा बीते शुक्रवार को रांची पहुंचे। आज असम के सीएम राज्य में कल हुए लाठीचार्ज में घायल सहायक पुलिस कर्मियों को हाल-चाल जानेंगे और उनसे मुलाकात करेंगे।