बिहार में युवती के साथ दरिंदगी, बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गए 2 युवक, फिर स्कॉर्पियो में किया दुष्कर्म
Friday, Apr 18, 2025-11:22 AM (IST)

Nalanda Crime News: बिहार के नालंदा जिले में एक लड़की से गैंगरेप (Gang Rape) की वारदात सामने आई है। यहां पर दो युवक बहला-फुसलाकर एक लड़की को सुनसान जगह ले गए और फिर जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बैठाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों युवक गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, मामला नालंदा जिले में राजगीर शहर के हॉकी मैदान का है। पीड़िता ने बताया कि दो युवक बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गए। फिर उन्होंने जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बैठाया और इस वारदात को अंजाम दिया। इधर, लड़की गाड़ी के अंदर से चिल्ला रही थी, तभी स्थानीय लोगों ने उसकी आवाज सुनी और इसकी जानकारी पुलिस को दी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान गिरियक थाना क्षेत्र के मुखिया पुत्र एवं सतौआ निवासी स्वर्गीय बलवीर यादव के बेटे मंटू कुमार और जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के इस्लामनगर निवासी बलिराम कुमार के रूप में हुई है। जिस सफेद रंग के स्कॉर्पियो गाड़ी में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने उसको भी बरामद कर लिया है।
डीएसपी सुरक्षा सह प्रभारी डीएसपी राजगीर रंजन कुमार ने इस घटना की पुष्टी की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक एक लड़की के साथ दुष्कर्म कर रहे है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का पुलिस ने मेडिकल कराया, इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।