Lok Sabha Election: विनोद सिंह, मनीष जायसवाल, जयप्रकाश पटेल और अनुपमा सिंह ने भरा पर्चा

5/2/2024 8:30:57 AM

 

गिरिडीह/रामगढ़/धनबादः झारखंड में इस बार के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की ओर से कोडरमा संसदीय सीट से विनोद सिंह, हजारीबाग से जयप्रकाश भाई पटेल और धनबाद से अनुपमा सिंह वहीं हजारीबाग सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने अपना-अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।

इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी एवं बगोदर विधायक विनोद सिंह अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के समक्ष दो सेट में नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ गांडेय विधानसभा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, राज्यसभा सदस्य डॉ. सरफराज अहमद, सदर विधायक सुदिब्य कुमार मौजूद थे। विनोद सिंह ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के समक्ष नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद पत्रकारों से कहा कि कोडरमा लोकसभा की जनता बदलाव चाहती है। ईडी का डर दिखाकर भाजपा ने सारे मुद्दों को दबा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रवासी मजदूरों को लेकर भाजपा को चिंता नहीं है।

प्रवासी मजदूर बाहर में काम करते हुए जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो ये तय है, सबसे पहले प्रवासी मजदूरों के जीवन यापन की व्यवस्था किया जाएगा। इस मौके पर कल्पना सोरेन ने कहा की उन्हें मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। उन्हें जानकारी भी नहीं है कि ये अफवाह उड़ा कौन रहा है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा सिर्फ ईडी के जरिए इंडिया गठबंधन को डरा रही है। हजारीबाग लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश भाई पटेल ने बुधवार को उपयुक्त नैंसी सहाय के समक्ष नामांकन करने के बाद उन्होंने जनता से जीत का आशीर्वाद मांगा। रोड शो और सभा में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के साथ-साथ कई दिग्गज कांग्रेसी नेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मंत्री और विधायक शामिल हुए। हजारीबाग सीट से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने भी उपयुक्त नैंसी सहाय के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।

इससे पहले उन्होंने रोड शो और जनसभा में अपनी पूरी ताकत दिखाई। उनके नामांकन में भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। उन्होंने इस बात का संकेत दिया कि यहां कोई भी टक्कर में नहीं है। इसी तरह धनबाद संसदीय सीट से पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के दीपक कुमार दास, मार्क्सवादी समन्वय समिति के जगदीश रवानी तथा कांग्रेस की उम्मीदवार अनुपमा सिंह ने बुधवार को यहां उपायुक्त माधवी मिश्रा के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निदेशक, डीआरडीए राजीव रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला एवं अन्य लोग मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static