कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार को लेकर हंगामा, पथराव में महिला पुलिसकर्मी समेत 3 घायल

Sunday, Jul 05, 2020-05:56 PM (IST)

जमशेदपुरः झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान जोरदार हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों के पथराव में महिला पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के एक अस्पताल में कोरोना संक्रमण से साकची की 88 साल की महिला एवं सोनारी खूंटाडीह के 71 साल के बुजुर्ग की शनिवार को मौत हो गई थी। स्थानीय प्रशासन ने तय किया कि भुइयांडीह सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पर शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय लोगों को जैसे ही कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार की जानकारी मिली तो उन्होंने इलाके में संक्रमण के फैलाव की आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया।

पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों से कहा कि शवदाह गृह में शव जलाने से किसी तरह का संक्रमण नहीं फैलता है। इसके बाद अधिकांश लोग समझ गए और शांत हो गए। वहीं कुछ महिलाओं ने पीछे से दो महिला पुलिसकर्मियों पर पत्थर से हमला कर दिया। घायल महिला पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पथराव करने वाली महिलाओं के अलावा कुछ और लोगों को हिरासत में ले लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramanjot

Related News

static