"रसूखदार कैदियों के लिए जेल में अय्याशी की पूरी व्यवस्था करा रही हेमंत सरकार", बाबूलाल मरांडी का तंज
Friday, Nov 07, 2025-04:41 PM (IST)
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के भगवान बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कुछ कैदियों का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, वायरल वीडियो पर झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
"जेल में रसूखदार कैदियों के लिए कई खास वार्ड बने हुए हैं"
मरांडी ने कहा कि वायरल वीडियो कोई मयखाना या डांस बार का नहीं, रांची होटवार सेंट्रल जेल का है। मरांडी ने कहा कि लालू यादव और हेमंत सोरेन जैसे भ्रष्टाचार के आरोपी कैदी के रूप में इस जेल की शोभा बढ़ा चुके हैं। मरांडी ने कहा कि जेल में रसूखदार कैदियों के लिए अलग नियम है क्योंकि, जेल में बंद रसूखदार कैदियों को पैसे के बल पर सभी तरह की सुविधाएं मिलती हैं। जेल में रसूखदार कैदियों के लिए कई खास वार्ड बने हुए हैं, इन वार्ड में रहने के लिए एंट्री फीस देनी पड़ती है। प्रत्येक माह तय रकम खर्च करने पड़ते हैं। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन के संरक्षण में जेल में रह चुके कुछ नामचीन कैदी जेल विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से जेल में ऐशो-अय्याशी की पूरी व्यवस्था चलाते हैं। पैसे लेकर हर तरह के वैसे काम किए जाते हैं, जो जेल मैनुअल का उल्लंघन करते हों। मरांडी ने कहा कि इन गतिविधियों के संदर्भ में उन्होंने सरकार को कई बार आगाह भी किया था, लेकिन जेल में गैर कानूनी काम बंद नहीं हुए, बल्कि वीआईपी कैदियों की 'विशेष मेहमाननवाज़ी' से इनकार कर इन पर अंकुश लगाने की कोशिश करने वाले एक अधिकारी रॉबर्ट निशांत बेसरा का ही तबादला कर दिया गया था।
"कर्मचारियों को निलंबित कर खानापूर्ति कर ली गई है"
मरांडी ने कहा कि यह वीडियो वायरल होने पर दो कर्मचारियों को निलंबित कर खानापूर्ति कर ली गई है। मरांडी ने कहा कि जेल का ये गंदा खेल अकेले छोटे-मोटे कर्मचारियों के बस की बात नहीं। बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति, सहमति एवं हिस्सेदारी के ये कैसे हो सकता है? इसके लिये सीधे जेल आईजी जिम्मेदार हैं, इसलिये निलंबन की कारर्वाई तो आईजी पर होनी चाहिये। मरांडी ने उच्च न्यायालय झारखंड के जेलों में हो रहे गैरकानूनी कार्यों पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया।

