शौच के लिए घर से निकला था युवक, सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव; इलाके में फैली दहशत

Tuesday, Feb 17, 2026-04:52 PM (IST)

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।      

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू गंजू के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ पुंदाग इलाके में किराये के मकान में रहता था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बबलू गंजू देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। 

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान बबलू गंजू के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुंदाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों के अनुसार, बबलू गंजू रात में घर से बाहर निकला था, लेकिन उसके साथ क्या हुआ यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, यह हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमाटर्म के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। मामले में मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की गई है। 

पुलिस का कहना है कि पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static