रांची नगर निगम ने शहर में चलाया स्वच्छता अभियान, 6 दुकानों पर लगाया 18 हजार जुर्माना

Sunday, Sep 14, 2025-04:16 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची शहर को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम अब अभियान मोड में आ गया है। 'जीरो टोलरेंस ऑन लिटरिंग' की नीति के तहत बीते शनिवार को अपर बाजार क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया।

उप प्रशासक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 6 दुकानों पर सफाई नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर जुर्माना ठोका गया। कुल 18,000 रुपये का दंड वसूला गया। जुर्माना जिन दुकानों पर लगा उनमें से नारायणी ट्रेडर्स, बालाजी कलेक्शन, दीपाली स्टोर, बालाजी फैशन/ड्यूक एक्सक्लूसिव पर 2-2 हजार रुपए, जबकि एसएस सारी और अरुण कुमार पर 5-5 हजार रुपए शामिल हैं। निगम की टीम ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी कि यदि आगे गंदगी फैलाते पकड़े गए तो और बड़ी कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि अब हर दुकान में दो अलग-अलग डस्टबिन रखना जरूरी होगा-हरा डस्टबिन गीले कचरे के लिए और नीला डस्टबिन सूखे कचरे के लिए।

निगम के वाहनों को कचरा तभी सौंपा जाए जब वह अलग-अलग किया गया हो। अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक और व्यवसायी की भी जिम्मेदारी है। कुमार ने मौके पर कहा, 'अब लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। नियम तोड़ने वालों पर सीधे कारर्वाई होगी।' रांची नगर निगम ने सभी भवन मालिकों और कारोबारियों से पुन: अपील की है कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने की आदत डालें और इसे नियमित रूप से निगम के वाहनों को सौंपें। निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने में जनसहयोग ही सबसे अहम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static