रांची हिट एंड रन केस: 6 लोगों को रौंदने वाला SUV चालक गिरफ्तार, थार जीप जब्त

Thursday, Feb 12, 2026-05:21 PM (IST)

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में थार जीप से कई लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन में उसके साथ और कौन-कौन लोग मौजूद थे। घटना में प्रयुक्त थार जीप को भी जब्त कर लिया गया है।

ज्ञातव्य है कि बीती रात रेलवे कॉलोनी के पास, रेलवे स्टेशन से डोरंडा जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को जोरदार टक्कर मार दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर के बाद सभी लोग दूर जाकर गिर पड़े। इस दर्दनाक हादसे में हिनू निवासी धर्मेंद्र कुमार नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अन्नपूर्णा नायडू, उनका पुत्र कुणाल, संदीप महतो, अमित सिंह और प्रशांत गौरव शामिल हैं। इनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। सभी लोग एक गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार थार जीप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में शामिल अन्य लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना लापरवाही से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। आरोपी चालक से पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static