झारखंड में फिर बारिश बनी आफत! कोल्हान क्षेत्र में जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित

Monday, Jun 30, 2025-02:45 PM (IST)

Jamshedpur News: झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में भारी बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में जलभराव से सोमवार को सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

PunjabKesari

पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि बहरागोड़ा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है। रविवार को पाटपुर, सकरा और डोमजुड़ी पंचायतों सहित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाले सारंगी ने कहा कि जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रखंड में कई घर जलमग्न हो गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था करने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आग्रह किया।

PunjabKesari

बता दें कि जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला प्रशासन ने खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना के मद्देनजर चेतावनी जारी कर दी है। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने खरकई और स्वर्णरेखा के जलग्रहण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन के परामर्श का पालन करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static