ट्रेन में गर्भवती महिला को शुरू हुई प्रसव पीड़ा, मदद के लिए आगे आया युवक, Video Call पर डॉक्टर से बात कर ऐसे कराई डिलीवरी; याद आई 3 Idiots मूवी

Wednesday, Apr 08, 2026-12:03 PM (IST)

Mumbai News: मुंबई से इंसानियत और हिम्मत की एक दिल छू लेने वाली कहानी सामने आई है। एक साधारण युवक ने मुश्किल समय में सूझबूझ दिखाकर न सिर्फ एक महिला की मदद की, बल्कि एक नवजात की सुरक्षित जिंदगी की शुरुआत भी कराई।

मदद के लिए आगे आया युवक
मुंबई में बीती रात एक लोकल ट्रेन में सफर कर रही गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी, जिसे देखकर ट्रेन में मौजूद विकास बेद्रे नाम का युवक तुरंत मदद के लिए आगे आया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विकास ने तुरंत ट्रेन की चेन खींचकर उसे रुकवाया। ट्रेन जब राम मंदिर स्टेशन पर रुकी, तब रात के करीब 12:45 बजे थे। वहां न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही एंबुलेंस।

Video Call पर डॉक्टर की मदद से कराई गई डिलीवरी
ऐसे मुश्किल हालात में विकास ने अपनी दोस्त डॉ. देविका देशमुख को फोन किया। डॉक्टर ने तुरंत वीडियो कॉल के जरिए महिला की स्थिति देखी और वहीं से डिलीवरी कराने के लिए जरूरी निर्देश देने शुरू किए। शुरुआत में विकास घबराए हुए थे और उनके हाथ कांप रहे थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। डॉक्टर के बताए हर कदम को ध्यान से फॉलो करते हुए उन्होंने ट्रेन में ही महिला की डिलीवरी करवाई। कुछ ही समय बाद महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। राहत की बात यह रही कि मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

याद आई 3 Idiots मूवी
इस घटना की तुलना लोग फिल्म 3 इडियट्स के उस सीन से कर रहे हैं, जिसमें वीडियो कॉल के जरिए डिलीवरी करवाई जाती है। हालांकि यह एक फिल्मी कहानी थी, लेकिन मुंबई की इस घटना में विकास की बहादुरी और समझदारी ने इसे हकीकत में बदल दिया। अब हर तरफ विकास बेद्रे और उनकी डॉक्टर दोस्त की जमकर तारीफ हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static