प्रतुल शाहदेव ने चंपई के BJP में शामिल होने के निर्णय का किया स्वागत, कहा- JMM में अपमानित होने के बाद यह तो होना ही था

Wednesday, Aug 28, 2024-10:54 AM (IST)

रांची: बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के निर्णय का स्वागत किया। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जिस तरीके से चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री रहते झामुमो में अपमानित किया गया था उसके बाद यह तो होना ही था।

प्रतुल ने कहा कि चंपई सोरेन के आने से भारतीय जनता पार्टी कोल्हान क्षेत्र में विशेष रूप से मजबूत होगी और यह झारखंड मुक्ति मोर्चा के ताबूत पर अंतिम कील साबित होगा। उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार के बाहर किसी दूसरे आदिवासी नेता की झारखंड मुक्ति मोर्चा में कद्र ही नहीं होती।

बता दें कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और 'झारखंड मुक्ति मोर्चा' (जेएमएम) नेता चंपई सोरेन के बीजेपी में जाने की चर्चाओं पर पूर्ण विराम लग गया है। वह 30 अगस्त को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बता दें कि कुछ दिनों पहले चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि बतौर मुख्यमंत्री इतना ज्यादा अपमान झेलना पड़ा है, जिसके बाद वह वैकल्पिक राह तलाशने के लिए मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास तीन विकल्प हैं। पहला तो ये है कि वह राजनीति से संन्यास ले लें। दूसरा अपनी अलग पार्टी बनाएं और तीसरा किसी पार्टी का दामन थाम लें और उसके साथ आगे का सफर तय करें। चंपई के इस पोस्ट के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static