NH-23 पर दर्दनाक हादसा: कोयला लदा हाइवा ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत
Friday, Aug 28, 2026-10:42 AM (IST)
बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के एनएच-23 पर आईटीआई मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान निहाल मोड़ तेलीडीह निवासी विक्रम कुमार उर्फ 'चिक्कू' के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विक्रम अपनी बाइक पर तेलीडीह से बांधगोड़ा की ओर जा रहा था, तभी बंगाल रजिस्ट्रेशन की कोयला लदा हाइवा तेज गति से आई और बाइक को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दुर्घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है और हाइवा के चालान-पत्र व ड्राइवर की पहचान को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग आगबबूला हो उठे और विरोध स्वरूप एन एच-23 पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार हाइवा रोजाना चलती हैं और प्रशासन अपेक्षित कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने हाइवा के कागजातों की पारदर्शी जांच और मृतक के परिजनों को आर्थिक मुआवजे की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक मालिक और प्रशासन मुआवजा देने तथा कागजात जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं करते, जाम नहीं हटेगा। फिलहाल प्रशासन, वाहन मालिक तथा मृतक के परिजनों के बीच वार्ता जारी है। पुलिस जाम हटाने के प्रयास में लगी हुई है, लेकिन जाम के कारण एन एच 23 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस मामले को जांच कर रही है।

