चंपई सोरेन की जासूसी मामले में झारखंड पुलिस ने स्पष्ट की स्थिति, कहा- दोनों ही पदाधिकारी सुरक्षा में...

Friday, Aug 30, 2024-04:39 PM (IST)

रांची: असम के सीएम सह झारखंड चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा खुलासा किया गया कि चंपई सोरेन की जासूसी की जा रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने झारखंड पुलिस के 2 पदाधिकारियों को दिल्ली में ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं, झारखंड पुलिस ने इस मामले में स्थिति स्पष्ट की है।

पुलिस मुख्यालय ने इस मामले में एक अधिकृत बयान जारी कर बताया है कि व्यक्ति विशेष की जासूसी की बात गलत है। दोनों ही पदाधिकारी सुरक्षा में प्रतिनियुक्त थे और वे अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इस संबंध में सभी संबंधित जांच एजेंसियों को सूचना व सारी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। वस्तु स्थिति स्पष्ट होने के बाद उक्त दोनों ही पदाधिकारियों को मुक्त कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के अधिकृत बयान के अनुसार पारंपरिक तौर पर दिल्ली व अन्य राज्यों में विशेष शाखा झारखंड की टीम झारखंड संबंधित राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक व अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर गोपनीय सूचना प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जुटाती है।

पुलिस मुख्यालय के अधिकृत बयान के अनुसार सुरक्षा श्रेणी वाले गणमान्य व्यक्तियों को सुरक्षा देने में भी विशेष शाखा की टीम का योगदान रहता है। दिल्ली में अपने कार्य निर्वहन के दौरान गलतफहमी के कारण दोनों अवर निरीक्षक चिह्नित हुए। इस संबंध में समाचार प्रसारित होने लगी कि किसी व्यक्ति विशेष की निगरानी की जा रही है। वास्तविकता में उक्त पुलिस पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए वहां प्रतिनियुक्त किए गए थे।

बता दें कि असम के मुख्यमंत्री सह झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि पिछले कुछ दिनों से चंपई सोरेन की जासूसी की जा रही थी। जासूसी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें दिल्ली में फोटो खींचते हुए पकड़ा गया है। हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पीछे झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच के 2 ऑफिसरों को लगाया गया था। चंपई सोरेन कहां जाते हैं, क्या करते हैं दोनों ऑफिसर नजर बनाए हुए थे। हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे बताया कि एक सप्ताह पहले चंपई सोरेन जी दिल्ली गये थे। उस दौरान दोनों ऑफिसरों ने उनका पीछा किया और हाल ही में चंपई ने दिल्ली में 3 दिन बिताए। इस दौरान भी दोनों ऑफिसरों ने उनका पीछा किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static