जिंदा मछली को निगलने की कोशिश कर रहा था युवक, गले में फंस गया सिर; फिर जो हुआ....
Tuesday, Jun 02, 2026-01:55 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को 32 वर्षीय एक व्यक्ति की जान उस समय सांसत में फंस गई जब उसके गले में मछली का सिर फंस गया। हालांकि चिकित्सकों ने समय पर सर्जरी कर उसे बचा लिया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोनुआ क्षेत्र के निवासी चंपई गगराई को मछली का सिर गले में फंस जाने के बाद गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि गगराई मछली का टुकड़ा निगल नहीं पा रहा था और उसे सांस लेने में समस्या हो रही थी। उन्होंने बताया कि इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने के लिए उन्हें लगभग 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन वार्ड में पहुंचते ही, कान-नाक-गला विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. प्रदीप कुमार और उनकी टीम ने तुरंत गगराई का इलाज शुरू किया। उन्होंने बताया कि सर्जरी के जरिए मछली का सिर सफलतापूर्वक निकाल दिया गया, जिससे मरीज को तत्काल राहत मिली और उसकी जान बच गई।
जिला सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने कहा कि चिकित्सा दल के समय पर इलाज और समन्वित प्रयासों सेमरीज की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा, ''यह चिकित्सकों की सजगता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और एक इकाई के रूप में काम करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।'' अधिकारियों ने बताया कि सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई गई और वह खतरे से बाहर है।

