दिशोम गुरू शिबू सोरेन का हालचाल जानने दिल्ली के लिए रवाना हुए इरफान अंसारी, बोले- गुरुजी झारखंड के निर्माता हैं

Friday, Jun 27, 2025-06:40 PM (IST)

रांची: झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के निर्देशानुसार झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी बेला प्रसाद एवं झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी आज देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए।

दिल्ली पहुंचकर दोनों वरिष्ठ नेता झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से मुलाकात करेंगे, जो वर्तमान में गंगा राम अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गुरुजी की तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है और उनका इलाज जारी है। दिल्ली रवाना होने से पूर्व डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि गुरुजी झारखंड के निर्माता हैं, हमारे सर्वस्व हैं। ऐसे समय में जब उनकी तबीयत नाज़ुक है, हमारा कर्तव्य बनता है कि हम उनका हालचाल लेने दिल्ली जाएं। आज झारखंड अलग राज्य के रूप में खड़ा है तो वह उन्हीं की संघर्षपूर्ण राजनीति की देन है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और चाहता हूं कि वह जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटें।'

डॉ. अंसारी ने यह भी बताया कि वे संथाल परगना के पार्टी कार्यक्रमों में व्यस्त थे, लेकिन जैसे ही प्रभारी के. राजू का निर्देश मिला, उन्होंने तत्काल दिल्ली रवाना होने का निर्णय लिया। बेला प्रसाद ने कहा कि गुरुजी हम सभी के मार्गदर्शक हैं। उनकी तबीयत को लेकर हम चिंतित हैं और पूरी आशा है कि वे शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ होंगे। यह यात्रा हमारी व्यक्तिगत भावनात्मक जिम्मेदारी के साथ-साथ कांग्रेस की संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। दोनों नेताओं ने दिल्ली पहुंचकर गुरुजी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद आगे की सूचना साझा करने की बात कही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static