Ghatshila By-Election: आज से चुनावी रणभूमि बनेगा घाटशिला, मैदान में उतरने वाले हैं कई दिग्गज नेता
Monday, Nov 03, 2025-11:09 AM (IST)
Ghatshila By-Election: झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और विपक्षी दल भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
9 नवंबर को घाटशिला आ सकते हैं अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन का सोशल मीडिया हैंडल देखने वाले सुधीर कुमार ने बताया कि अगले कुछ दिनों में पार्टी के शीर्ष नेता कई चुनावी रैलियां और रोड शो करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक चंपई सोरेन के सहयोगी कुमार के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच नवंबर को, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी छह नवंबर को, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती सात नवंबर को और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आठ नवंबर को प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार के आखिरी दिन नौ नवंबर को घाटशिला आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में कुछ अन्य केंद्रीय मंत्रियों के भी चुनाव प्रचार के लिए घाटशिला आने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन भी निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक प्रचार कर रहे हैं।
आज से मैदान में उतरने वाले हैं CM हेमंत और कल्पना सोरेन
इस बीच, झामुमो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं गांडेय सीट से विधायक कल्पना सोरेन द्वारा तीन से आठ नवंबर तक कई रैलियां आयोजित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन घाटशिला उपचुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रचार अभियान के तहत आज यानी 3 नवंबर से पूर्वी सिंहभूम में रैलियां व रोड शो करेंगे। झामुमो प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने बताया कि सोरेन और उनकी पत्नी पार्टी उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन के चुनावी प्रचार को गति प्रदान करेंगे। सारंगी ने जोर देकर कहा, ‘‘वे हमारे स्टार प्रचारक हैं और उनकी मौजूदगी हमारे उम्मीदवार की आसान जीत सुनिश्चित करेगी।'' पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, झामुमो प्रमुख सोरेन तीन नवंबर को अपराह्न एक बजे मुसाबनी के कुइलिसुता मार्शल मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे जबकि चार नवंबर को गांडेय विधायक कल्पना सोरेन घाटशिला के गालूडीह अंचल मैदान में दोपहर 12 बजे और उसके बाद गुड़ाबांदा के सिंहपुरा जयघंटापुर मैदान में दोपहर ढाई बजे जनसभा को संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री छह नवंबर को दामपाड़ा, सात नवंबर को धालभूमगढ़ और आठ नवंबर को घाटशिला के ताम्र प्रतिभा मैदान में रैलियां करेंगे। कल्पना सोरेन उसी दिन मऊभंडार में एक जनसभा को संबोधित करेंगी और जादूगोड़ा से मुसाबनी तक रोड शो का नेतृत्व करेंगी, जिसमें सिदो-कान्हू चौक, सुरदा क्रॉसिंग और मुसाबनी बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभाएं शामिल हैं।
बता दें कि पूर्व कैबिनेट मंत्री रामदास सोरेन का 15 अगस्त को निधन होने के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। दिवंगत नेता के पुत्र और झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन का मुकाबला भाजपा नेता चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन से होगा। संबंधित घटनाक्रम में, भाजपा की झारखंड इकाई के महासचिव और राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने पूर्वी सिंहभूम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद एजाज रसूल को "पार्टी विरोधी" गतिविधियों और पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के लिए निष्कासित कर दिया।

