किस जन्म का बदला ले रहे हाथी! वन विभाग टीम के पीछे पड़ा हाथियों का झुंड, 2 को उतारा मौत के घाट...कई घायल
Sunday, Feb 15, 2026-04:08 PM (IST)
Ramgarh News: चरही थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाथियों को आबादी से दूर भगाने के अभियान पर निकली वन विभाग की टीम के वाहन को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहन के परखच्चे उड़ गए
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते उत्पात को देखते हुए वन विभाग ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से विशेष प्रशिक्षित टीम को बुलाया था। टीम पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग इलाकों में हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर भेजने का काम कर रही थी। बीते शनिवार को भी टीम अभियान पर निकली थी। इसी दौरान हजारीबाग से रामगढ़ की ओर जा रहा एक कंटेनर घाटी के पास अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और वन विभाग के वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मांडू निवासी शहादत अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में मंटू महतो, राजीव मरांडी, रविंद्र मरांडी, दिलीप मुर्मू, संजय कर्मकार, शंभू कर्मकार और शिबनोम मरांडी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल संजय कर्मकार को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। चार अन्य घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग भेजा गया।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर मामले की जांच शुरू की
प्रभारी वनपाल शैलेन्द्र कुमार भी वाहन में मौजूद थे। शुरुआत में उन्होंने हल्की चोट की जानकारी दी, लेकिन बाद में उन्हें भी निगरानी में रखा गया। घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

