झारखंड के सारंडा जंगल में माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, पढ़ें पूरी खबर
Friday, Nov 07, 2025-05:58 PM (IST)
Chaibasa News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी। यह मुठभेड़ जराईकेला थाना क्षेत्र के कुलापू बुरू के घने जंगल में हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सर्च अभियान चलाया था।
कुछ देर तक सारंडा जंगल में चलती रहीं गोलियां
पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि यह घटना गुरुवार की शाम उस समय हुई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), झारखंड जगुआर और जिला सशस्त्र पुलिस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं, जिसके बाद नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
हथियारों तथा विस्फोटकों का जखीरा बरामद
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा बल अब भी जंगल में अभियान चला रहे हैं और वहां से हथियारों तथा विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है। बरामदगी में 2 एसएलआर राइफल, 1 .303 राइफल, 37 जिंदा ए.के.-47 कारतूस, 78 एसएलआर कारतूस, 130 .303 कारतूस, 6 जिलेटिन पैकेट (कुल 16.68 किलो), 13 तैयार जिलेटिन आईईडी, 10 इलेक्ट्रिक और 5 नॉन-इलेक्ट्रिक डिटोनेटर, 5 रेडियो सेट, 2 इंटरसेप्टर, 24 सिरिंज, 20 आईईडी बनाने में उपयोग होने वाले प्लास्टिक पाइप (6 इंच), 2 लैपटॉप, 11 एफएम रेडियो और नक्सली प्रचार सामग्री शामिल हैं।

