सोते-सोते आई मौत: फुटपाथ पर सो रही महिला को कार ने मारी टक्कर, लोगों ने आरोपी चालक को गाड़ी से निकाला बाहर; फिर...

Monday, Mar 02, 2026-05:19 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रही एक 25 वर्षीय महिला को कुचल दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश कर रही है।

फुटपाथ पर सो रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक, घटना धर्मशाला मोड़ और महावीर चौक के बीच एक फूल दुकान के पास की है। यहां फुटपाथ पर सो रही भुचकी हाड़ी को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। वह चास के हाड़ी मोहल्ला की रहने वाली थी और बाजार में भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी। रात में अक्सर फुटपाथ पर ही सो जाती थी।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क और फुटपाथ के बीच करीब पांच फीट की दूरी है। इसके बावजूद तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चालक को कार से बाहर निकाला और घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया गया। रविवार सुबह परिजनों ने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। इस बीच, जब लोग महिला को अस्पताल ले जा रहे थे, उसी दौरान चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static