झारखंड में आज रात दस्तक देने वाला है चक्रवाती तूफान ''दाना''! कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका, NDRF की टीम तैनात

Thursday, Oct 24, 2024-03:10 PM (IST)

रांची: चक्रवाती तूफान ‘दाना' के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में आज यानी गुरुवार रात से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कोल्हान क्षेत्र (पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिला) में शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस श्रेणी की चेतावनी 24 घंटों में 115 मिलीमीटर से 204 मिलीमीटर तक भारी वर्षा का संकेत देती है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, ‘‘भारी बारिश के अलावा, क्षेत्र में गरज के साथ बारिश हो सकती है और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।'' भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि चक्रवाती तूफान शुक्रवार को तड़के तक ओडिशा के भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहुंच सकता है। बुलेटिन में कहा गया कि मौसम प्रणाली देर रात ढाई बजे पारादीप (ओडिशा) से 280 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 370 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में थी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की छह टीम को जमशेदपुर और चाईबासा में तैनात किया गया है, जबकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए रांची में दो टीम को तैयार रखा गया है। आनंद ने बताया कि इसके प्रभाव से रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और रामगढ़ सहित मध्य झारखंड के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से बृहस्पतिवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कोल्हान संभाग में भारी बारिश का अनुमान है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static