लातेहार में लूट के कई मामले में शामिल अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
Monday, Jun 09, 2025-11:21 AM (IST)

लातेहार: झारखंड में लातेहार जिले के रबदी पुल इलाके से लूट के मामले में शामिल एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी रबदी पुल के पास बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भरत राम के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई।
सूत्रों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए रबदी पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तीन-चार संदिग्ध भागने लगे। पीछा कर एक अपराधी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 10-12 लोगों के गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, रांची और बिहार के रोहतास, औरंगाबाद, गया जिलों में सुनसान इलाकों में राहगीरों और व्यापारियों को लूटता है। हथियार के बल पर डकैती और छिनतई करता है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम चिंटू मिश्रा उफर् सियाराम मिश्रा है। इसके पास से अवैध देशी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। सूत्रों ने बताया कि अपराधी से पूछताछ में पता चला कि वह कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। छिपादोहर थाना में 16 मई, 26 मई और 8 जून 2025 को दर्ज तीन मामलों में वह आरोपी है।