"CMO से CO कार्यालय स्तर तक भ्रष्टाचार व्याप्त", रघुवर दास बोले- झारखंड में ऐसा कोई विभाग नहीं जो घोटाले से मुक्त हो

Sunday, Jun 22, 2025-11:03 AM (IST)

दुमका: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सचिवालय (सीएमओ) से लेकर अंचल अधिकारी (सीओ) कार्यालय स्तर तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। दास ने शनिवार को दुमका परिसदन में संवाददाताओं के साथ बातचीत में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में ऐसा कोई विभाग नहीं है जो घोटाले से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि पेयजल विभाग, उत्पाद या कोई अन्य विभाग, हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। इस वजह से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के पद पर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विनय चौबे आज होटवार जेल में हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस राज्य को हेमंत सोरेन नहीं बल्कि कोयला सिंडिकेट, बालू सिंडिकेट, शराब सिंडिकेट और जमीन सिंडिकेट चला रहे हैं। झारखंड के जल, जंगल और जमीन सब कुछ सिंडिकेट के हाथ में है।

"भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार के कोई मामले नहीं सामने आये हैं"
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में जब-जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस की सरकार आई है। तब- तब घपले-घोटाले के मामले सामने आते रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार के कोई मामले नहीं सामने आये हैं। चाहे वर्ष 2000 में बाबूलाल मरांडी की सरकार रही हो या उसके बाद अर्जुन मुंडा की सरकार रही हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम कमीशनखोरी के आरोप में जेल में हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि इस सरकार में यहां के पहाड़ और जंगलों की क्या स्थिति है किसी से छिपी नहीं है। राज्य में बड़े पैमाने पर बालू घोटाला, संताल परगना में कोयला की ढुलाई और नियोजन में धड़ल्ले से गड़बड़ी जारी है। उन्होंने कहा कि इस राज्य में ऐसी नियोजन में ऐसी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिसमें यहां के युवा उलझ कर रह जा रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां ठेकेदारों को योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि कमीशन के आधार पर काम दिया जा रहा है। इस सरकार से किसी को उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सरकार से आदिवासी हो या गैर आदिवासी हो, किसी को भी इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।

"हेमंत सरकार ने राज्य के लोगों को हक और अधिकार से वंचित रखा है"
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। पूरे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। राज्य की महिलाएं बेहद असुरक्षित हैं। उनके साथ लगातार हिंसक घटनाएं हो रही हैं। राज्य की जनता इस सरकार को लाने पर पश्चाताप कर रही है। भाजपा नेता ने कहा कि हम इन सभी मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने निकले हैं। जनता को बता रहे हैं कि किस तरह इस सरकार ने राज्य के लोगों को हक और अधिकार से वंचित रखा है। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों पर पाकुड़ में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को साहिबगंज के बरहेट में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जल्द से जल्द राज्य में पेसा कानून लागू करने की मांग की, जिससे गांव में स्वशासन स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि पेसा कानून को लागू करने के लिए पूरा मसौदा तैयार है। इसे सिर्फ मंत्रिमंडल से पारित कराना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static