लातेहार में चिराग पासवान ने हेमंत सरकार पर बोला हमला, कहा -"इन्होंने झारखंड की जनता को किया शर्मसार"

Tuesday, Sep 24, 2024-11:14 AM (IST)

लातेहर: भारत के केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सोमवार को लातेहार पहुंचे, जहां जिला मुख्यालय में लोजपा पार्टी की ओर से आयोजित हुंकार रैली में शामिल हुए। इस दौरान चिराग पासवान ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि  हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता को पूरे देश के सामने शर्मसार किया है

"हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता को शर्मसार किया"
लोजपा रामविलास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में झारखंड के विकास के लिए अनगिनत अपार संभावनाएं थीं। लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड राज्य के विकास में पूरी तरह से रूकावट पैदा कर दी । साथ ही चिराग ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार में शामिल लोग अपने निजी स्वार्थों को पूरा करने में लगे रहे।  इसलिए यहां के मुख्यमंत्री तक को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा। मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य मंत्रियों और अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाना पड़ा है।

झारखंड को विकसित करने का लिया संकल्प
इस दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने विकसित झारखंड का सपना देखा था। जिसे अब पूरा करने का मैं संकल्प लेता हूं। साथ ही चिराग पासवान ने शिक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि झारखंड के वर्तमान शिक्षा मंत्री लातेहार जिले के प्रतिनिधि हैं। इसके बाद भी आज तक लातेहार जिले में शिक्षा व्यवस्था सबसे बुरी स्थिति में है। जनता किससे पूछे कि चुनाव से पहले किए गए वादों का क्या हुआ?

वहीं,बिहार के जमुई सांसद अरुण भारती, सांसद राजेश वर्मा, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, जिला अध्यक्ष राजेंद्र पासवान समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी रैली को संबोधित कर झारखंड की वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static