झारखंड विस चुनाव को देखते हुए धड़ा धड़ खोखली घोषणाएं कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन: शिवराज सिंह चौहान

Monday, Sep 09, 2024-11:48 AM (IST)

रांची: भाजपा के झारखंड प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा है। रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव अब नजदीक है और जिस गठबंधन की सरकार ने 5 साल में कुछ नहीं किया, अब चुनाव आते ही वह धड़ाधड़ खोखली घोषणाएं करते चले जा रहे हैं।

"जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है"
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हेमंत सरकार ने 5 साल में कोई नौकरी नहीं दी, पेपर लीक जैसी लगातार घटनाएं होती रही, लेकिन अब चुनाव आ गए हैं इसीलिए धड़ाधड़ घोषणाएं हो रही हैं। भर्तियां, सिपाही की भर्ती, लेकिन ये भी नहीं देखा कि किस मौसम में भर्ती कर रहे हैं। उन्हें पता था कि भर्तियां पूरी नहीं हो पाएगी ये भर्ती कोई नौजवानों को रोजगार देने के लिए भर्ती नहीं है वोट के लिए भर्ती का नाटक है। ऐसे मौसम में भर्तियां जानलेवा साबित हुई। युवकों को 10-10 किलोमीटर दौड़ाया गया है। चौहान ने कहा कि अव्यवस्थाओं का आलम ये था...ना पीने का पानी, न छांव का इंतजाम, बीमार हो तो ना इलाज की व्यवस्था और इसी में 16 नौजवानों की जिंदगियां चली गई, तड़प-तड़प कर हमारे नौजवान साथी नौकरी नहीं ले पाए दुनिया छोड़ गए। शिवराज ने कहा कि ये यह हादसा नहीं है, हत्या है। ये ऐसा अपराध है जिसके लिए जनता माफ नहीं कर सकती। भ्रष्टाचार ने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया है। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। भारतीय जनता पार्टी भी उनके झूठे और खोखले वादे जो इन्होंने किए थे उन्हें लेकर भ्रष्टाचार और बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था की स्थिति, माता बहनों का अपमान, अवैध घुसपैठ, बदल रही डेमोग्राफी इन सब मुद्दों को लेकर यात्रा के रूप में जनता के बीच में जाएगी।

"ठगबंधन की सरकार केवल विनाश की तरफ ले जा रही है"
चौहान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री 15 तारीख को झारखंड की इस पवित्र धरा पर पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड अटल जी ने बनाया। झारखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार हर संभव प्रयत्न कर रही है। उन्होंने कहा कि 15 तारीख को जमशेदपुर प्रधानमंत्री जी पधारने वाले हैं। वो वंदे भारत ट्रेन की सौगात के साथ-साथ 1 लाख 13 हजार 195 गरीबों को प्रधानमंत्री आवास के लिए पहली किस्त भी उनके खाते में डालेंगे। इसके अलावा देश के बाकी राज्यों के गरीबों के खाते में भी प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि डालेंगे। चौहान ने कहा कि ठगबंधन की सरकार केवल विनाश की तरफ ले जा रही है और उस विनाश से झारखंड को बचाने के लिए हमने कमर कसी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static