Dhanbad News: झारखंड के धनबाद में ऋण वसूली एजेंट का शव बरामद, एक गिरफ्तार
Sunday, Feb 08, 2026-06:35 PM (IST)
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव बरामद किया गया और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी थी। मृतक की पहचान अमित कुमार अग्रवाल के रूप में हुई है, जो बैंक ऋण वसूली एजेंट था।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पत्नी ने शनिवार को सदर पुलिस थाने में सूचना दी कि अग्रवाल का अपहरण कर लिया गया है और एक अज्ञात व्यक्ति ने फिरौती के तौर पर 15 लाख रुपये की मांग की है। इस संबंध में रविवार सुबह प्राथमिकी दर्ज की गई। धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (कानून व्यवस्था) नौशाद आलम ने बताया, "पीड़ित की पत्नी से सूचना मिलने के बाद हमने जांच शुरू की और शुरुआत में विकास खंडेलवाल समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया। खंडेलवाल को उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान खंडेलवाल ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसके बताए अनुसार, पीड़ित का शव सूर्या हाइलैंड सोसाइटी स्थित आरोपी के घर से बरामद किया गया।" पुलिस ने पीड़ित की मोटरसाइकिल भी उसी स्थान से बरामद की। एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या का संबंध बैंक ऋण विवाद से है। पुलिस ने बताया कि खंडेलवाल ने बैंक से ऋण लिया था, जो बाद में गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) बन गया।

