Ranchi News: रांची के धुर्वा से लापता बच्चों को लेकर BJP का सरकार पर दबाव, कल तक बरामदगी नहीं हुई तो SSP कार्यालय का घेराव

Sunday, Jan 11, 2026-09:17 AM (IST)

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से दो जनवरी को लापता हुए दो बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ अब भारतीय जनता पार्टी भी राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर बच्चों की तलाश तेज करने का दबाव बना रही है।

आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर लगाए आरोप
बीते शनिवार को भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर भाजपा जिला अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 'राजधानी से बच्चे गायब हो रहे हैं और राज्य के मुखिया विदेश में छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे हैं। यह सरकार आम जनता के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है।' उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सोमवार की शाम तक बच्चे बरामद नहीं होते हैं तो मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता एसएसपी रांची के कार्यालय का घेराव करेंगे।

"यदि जल्द बच्चों की बरामदगी नहीं होती है तो..."
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने भी राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 'वर्ष की शुरुआत में ही अपराधी सरकार को खुली चुनौती देते हुए शहर के बीच से दो बच्चों का अपहरण कर लेते हैं। जिस इलाके से बच्चे गायब हुए हैं, वहां से प्रतिदिन अधिकारी, जज और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।' भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बच्चों की बरामदगी नहीं होती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं पीड़ित परिवार ने भी पुलिस से जल्द से जल्द बच्चों को खोज निकालने की गुहार लगाई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static