हेमंत सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश में जनता का समय बर्बाद करना चाह रही BJP: विनोद पांडेय

Friday, Sep 12, 2025-02:53 PM (IST)

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा बिना तथ्यों के लोकप्रिय हेमंत सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश में अपना और राज्य की जनता का समय बर्बाद करना चाह रही है।

"भाजपा को राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं"
पांडेय ने कहा कि सूर्या हांसदा की मौत का मामला विपक्ष जिस तरह पेश कर रहा है, वह भ्रामक है। उन्होंने कहा सूर्या हांसदा का एनकाउंटर उसके घनघोर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण हुआ। उसके आपराधिक मामलों का ब्योरा पहले ही सार्वजनिक किया जा चुका है। भाजपा इसे आदिवासी समाज से जोड़ कर जनता को गुमराह कर रही है। सूर्या हांसदा मामले की सरकार ने हर पहलू से पारदर्शी जांच सुनिश्चित की है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रोटियां सेंकने का जरिया बना रही है। बिना किसी सबूत के राज्य सरकार पर आरोप लगाना आदिवासी समाज के साथ अन्याय है। भाजपा को राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं है। केवल केंद्रीय एजेंसियों पर ही आखिर भाजपा को भरोसा क्यों है, ये जग जाहिर हो चुका है। केंद्रीय एजेंसियों को आगे कर गैर भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को डिस्टर्ब करना भाजपा की पुरानी फितरत है।

"भाजपा की साजिशों को जनता भलीभांति समझ चुकी है"
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पिछली सरकार में भी भाजपा नेताओं ने षड़यंत्र का गंदा खेल खेला, लेकिन भाजपा की साजिशों को जनता भलीभांति समझ चुकी है और ऐसे प्रपंचों से जूझते हुए हेमंत सोरेन देश के सबसे सशक्त आदिवासी नेता बनकर राष्ट्रीय राजनीति में चमक रहे हैं। झामुमो महासचिव ने भाजपा नेताओं के प्रदर्शन को सत्ता की भूख से प्रेरित बताया। कहा कि भाजपा के नेताओं की सत्ता-लालसा इतनी बढ़ चुकी है कि वे कभी एकजुट नहीं हो पाते। प्रदर्शन में इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली। आपसी मतभेद, मनभेद और द्वेष से भरे भाजपा नेताओं के पास जन आकांक्षाओं को समझने का वक्त ही कहां है। हर समय वह सत्ता की कुर्सी पर बैठने के लिए स्वांग रचने में अपना पूरा ध्यान और समय लगाते हैं। यही वजह है कि 2019 में रघुवर दास की सरकार को जनता ने सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। 2024 में भी झारखंड की महान जनता ने प्रचंड बहुमत से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार को लगातार दूसरी बार चुना।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static