कोयल पुल पर महिला का खौफनाक कदम, 2 छोटे बच्चों को छोड़ नदी में कूदी, दौड़े-दौड़े पहुंचे लोग; फिर...
Wednesday, Mar 11, 2026-03:19 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के मेदिनीनगर में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोयल पुल पर एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर छोड़कर नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बच्चों को छोड़ नदी में कूदी महिला
घटना मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के कोयल पुल की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यहां बुधवार सुबह करीब 10 बजे अचानक हड़कंप मच गया। एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने अचानक अपने बच्चों को पुल पर छोड़ दिया और नीचे नदी में छलांग लगा दी। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए और मौके पर भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हो गया।
महिला की हालत गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की तीन टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को नदी से निकालकर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ मौजूद दोनों बच्चे करीब दो से तीन साल के हैं।

