बच्चा चोर की अफवाह ने ली निर्दोष महिला की जान, ग्रामीणों की भीड़ ने कर डाली पीट-पीटकर हत्या

Monday, Mar 09, 2026-02:26 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के गुमला जिले में बच्चा चोर की अफवाह ने एक निर्दोष महिला की जान ले ली। संदेह के आधार पर ग्रामीणों की भीड़ ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की पिटाई कर दी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
जिले के बिशुनपुर प्रखंड के लबगा गांव में रविवार देर रात अफवाह के कारण एक दर्दनाक घटना सामने आई। बच्चा चोर होने के शक में ग्रामीणों की भीड़ ने एक अज्ञात महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इन दिनों इलाके में बच्चा चोर की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी बीच रविवार रात एक अज्ञात महिला गांव में इधर-उधर घूमती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और बिना किसी पक्की जानकारी के उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

इलाज के दौरान महिला की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला बार-बार खुद को निर्दोष बताती रही और भीड़ से बचने की कोशिश करती रही, लेकिन अफवाह के माहौल में किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह महिला को भीड़ से छुड़ाया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की
पुलिस के अनुसार, मृत महिला की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में बिशुनपुर थाना में 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और संदिग्ध स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static