भीड़ ने 3 महिलाओं को समझा बच्चा चोर...लात-घूंसों से की पिटाई, छुड़ाने पहुंची पुलिस पर भी जमकर बरसाए जूते-चप्पल
Thursday, Feb 26, 2026-11:34 AM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के धनबाद जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अफवाह के चलते उग्र भीड़ ने तीन महिलाओं के साथ मारपीट कर दी और पुलिस वाहन पर भी हमला किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह महिलाओं को बचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी चप्पल और जूते फेंके
मंगलवार को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निछानी पुल के पास अचानक बच्चा चोरी की खबर फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। भीड़ ने वहां मौजूद तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं को लात-घूंसों और जूतों से पीटा गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी चप्पल और जूते फेंके। काफी समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई।
"बच्चा चोरी की सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही"
बुधवार को बाघमारा के एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि बच्चा चोरी की सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही है। अब तक बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है और शुरुआती जांच में मामला अफवाह लग रहा है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन पहले से ही बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद ऐसी घटना होना चिंता की बात है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

