नफरत के बीच इंसानियत की मिसाल: मुस्लिम बुजुर्ग को बचाने वाले उत्तराखंड के दीपक को इरफान अंसारी देंगे 2 लाख रुपए, झारखंड में होगा सम्मान

Wednesday, Feb 04, 2026-04:44 PM (IST)

Jharkhand News: देश में बढ़ती नफरत के माहौल के बीच उत्तराखंड के दीपक ने इंसानियत और भाईचारे की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। दीपक ने साहस दिखाते हुए एक मुस्लिम बुजुर्ग की जान बचाई और नफरत फैलाने वालों के सामने खुद को “दीपक मोहम्मद” बताकर मजबूती से खड़े रहे।

"दीपक को झारखंड बुलाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा"
उत्तराखंड के दीपक के इस साहस और इंसानियत की झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खुलकर सराहना की है। उन्होंने घोषणा की कि वे अपने चार महीने के वेतन में से ₹2 लाख दीपक को इनाम के तौर पर देंगे। इसके साथ ही दीपक को झारखंड बुलाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि दीपक ने यह साबित कर दिया है कि भारत की असली पहचान नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत और भाईचारा है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या समुदाय से नहीं, बल्कि उस सोच से है जो देश को बांटने की कोशिश करती है।

"आज दीपक पूरे देश के लिए प्रेरणा बन चुके हैं"
मंत्री ने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें कुछ लोगों ने एक गरीब कपड़ा बेचने वाले मुस्लिम बुजुर्ग पर हमला कर दिया था। इस दौरान दीपक ने आगे बढ़कर बुजुर्ग की जान बचाई और अकेले ही हमलावरों का सामना किया। डॉ. अंसारी ने कहा कि यह घटना गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मजबूत मिसाल है।

मंत्री ने आगे कहा कि दीपक का सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का सम्मान नहीं होगा, बल्कि उस सोच का सम्मान होगा जो देश को जोड़ती है। सच्चा हिंदुस्तानी वही है, जो नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत का संदेश देता है। आज दीपक पूरे देश के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static