परीक्षा के डर से लापता हुई 12 साल की बच्ची, पूरे शहर में ढूंढती रही पुलिस; घर में पलंग के नीचे देखा तो...
Saturday, Feb 21, 2026-12:14 PM (IST)
Chatra News: झारखंड के चतरा जिला के पिपरवार थाना क्षेत्र में 12 साल की एक किशोरी के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की तेज कार्रवाई से बच्ची कुछ ही घंटों में सुरक्षित मिल गई।
लोगों में डर का माहौल
मामला पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा बसंत विहार कॉलोनी के पीछे स्थित खटाल कॉलोनी का है। यहां रहने वाली रितिका कुमारी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने पिपरवार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बच्ची के गायब होने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका भी जताई, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया।
परीक्षा के डर से घर से निकली बच्ची
थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब कई घंटों की तलाश के बाद बच्ची अपने ही एक रिश्तेदार के घर में पलंग के नीचे छिपी मिली। पूछताछ में रितिका ने बताया कि वह परीक्षा के डर से घर से निकल गई थी। इधर-उधर घूमने के बाद वह घबराकर अपने फूफा के घर पहुंची और वहीं छिप गई। बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर पढ़ाई और परीक्षा को लेकर ज्यादा दबाव न डालें और उनसे खुलकर बातचीत करें, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने। कुछ घंटों तक क्षेत्र में तनाव जरूर रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझ गया।

