जमशेदपुर के 118 परिवार पहुंचे उपायुक्त दरबार, बोले- न्याय नहीं मिला तो मजबूरन करना पड़ेगा धर्म परिवर्तन
Thursday, Apr 17, 2025-05:21 PM (IST)

Jamshedpur News: जमशेदपुर के डुमरिया प्रखंड के 12 गांव के 118 परिवार सामाजिक बहिष्कार का दंड झेल रहे है जो अब सांसद, विधायक से गुहार लगाने के बाद जिला उपायुक्त दरबार पहुंचे।
उपायुक्त दरबार में इन लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर न्याय नहीं मिलता है तो हमें 118 परिवारों को मजबूरन धर्म परिवर्तन करना होगा। दरअसल, जमशेदपुर के डुमरिया प्रखंड के 90 गांव में से 12 गांव के 118 संताल परिवारों को सामाजिक तौर पर बहिष्कृत कर दिया गया है। परिवार के लोगों ने जमशेदपुर पहुंच कर जिला उपायुक्त से शिकायत की। इन लोगों की मांग है कि इन्हें अलग से अपना प्रधान घोषित करने की अनुमति दी जाए।
वही टुकाराम मार्डी ने बताया कि इलाके के ग्राम प्रधान छोटी सी भी बात पर नाराज होने पर परिवार का धार्मिक बहिष्कार कर देते हैं। इस प्रखंड में यह मामला कई महीने से चल रहा है। अब तक 118 परिवार बहिष्कृत हो चुके हैं। जो परिवार बहिष्कृत हो जाता है, उन्हें कुएं से या अन्य जल स्रोत से पानी नहीं लेने दिया जाता। किसी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार में दिक्कत खड़ी की जाती है। गांव के अन्य लोगों को मना कर दिया गया है कि इन लोगों से बातचीत न करें। टुकाराम मार्डी ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रम में इन लोगों के आने की मनाही कर दी गई है। कोई भी प्रशासनिक योजना का काम हो तो प्रधान उस कागजात पर वर्तमान प्रधान हस्ताक्षर नहीं करते हैं। स्कूल में भी परेशानी हो रही है।