नालंदा में अपराधी बेखौफ...सोई हुई अवस्था में महिला की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Saturday, Dec 02, 2023-02:54 PM (IST)

नालंदा: बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। वह आए-दिन हत्या, लूटपाट जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला नालंदा जिले से सामने आया है, जहां पर अपराधियों ने शनिवार की अहले सुबह एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के बेन थाना इलाके के भगवानपुर गांव की है। मृतका की पहचान 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला फूल कुमारी देवी के रूप में हुई है। मृतका का बेटा अरविंद कुमार महाबोधि कॉलेज का प्रिंसिपल है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि फूल कुमारी देवी अकेली घर में रहती थी। शनिवार की अहले सुबह वह घर के दरवाजे के पास खाट पर सोई हुई थी। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static