वार्ड सदस्या के पति की बेरहमी से हत्या, घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला ट्रैक्टर; इलाके में सनसनी

Thursday, Jun 04, 2026-10:44 AM (IST)

Bihar News: बिहार के मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र में वार्ड सदस्या के पति की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। 

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कलिकापुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 की सदस्या सुनीता देवी के पति जयशंकर यादव का शव गांव के निकट एक डबरा से बरामद किया गया। मृतक ट्रैक्टर चालक थे और बालू ढुलाई का काम करता था। मंगलवार रात वह एक भोज में शामिल होने के बाद ट्रैक्टर लेकर बालू लाने के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नवटोलिया और रामगढ़ा के बीच स्थित बुढ़वा गाछी के पास एक डबरा में उनका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है। 

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही कलुआही थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सदर-2 खजौली की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कामिनी कौशल मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान मृतक का ट्रैक्टर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक खेत से बरामद किया गया। एसडीपीओ कामिनी कौशल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static