बिहार नगर निकाय चुनाव 2022ः जहानाबाद में 197 बूथों पर हो रही वोटिंग, मतदाताओं में भारी उत्साह
Sunday, Dec 18, 2022-11:16 AM (IST)

जहानाबादः बिहार नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में जहानाबाद में आज सुबह सात बजे से मतदान जारी है। सुबह से ही वोटरों में उत्साह देखा जा रहा है। सुबह में ठंड होने के बावजूद भी लोग लाइन में लगकर अपने-अपने मत का प्रयोग कर रहें हैं। वहीं जहानाबाद नगर निकाय चुनाव को लेकर कुल 197 बुथ बनाए गए है, जहां मतदान की प्रक्रिया चल रही है।
जहानाबाद में एक नगर परिषद और एक नगर पंचायत के अलावा 2 अतिरिक्त काको और घोसी नगर पंचायत बनाए गए है। जहानाबाद नगर परिषद, मखदुमपुर,काको और घोसी नगर पंचायत में आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के एकल पद के अलावा कुल 88 वार्ड का मतदान चल रहा है। इस चुनाव में कुल 153739 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर परिषद जहानाबाद के 33 वार्ड में 90144, नगर पंचायत घोसी के 20 वार्ड में 22629, काको के 16 वार्ड में 16540 तथा नगर पंचायत मखदुमपुर के 19 वार्ड में 16540 मतदाता अपने अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि नगर निकाय चुनाव में 6 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं।
वहीं एक तरह से कहें तो मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। खासकर महिलाएं सुबह से ही घर से निकलकर बुथ तक पहुंचकर अपना मत का प्रयोग कर रही है। मत देने के बाद मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे है। पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा की पुख्ता इंतेजाम किए गए है। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे की मतदाता शांतिपूर्ण और भयमुक्त होकर मतदान कर सकें।