विजय सिन्हा ने श्रम विभाग में गड़बड़ी का लगाया आरोप, नीतीश सरकार पर उठाए सवाल

Saturday, Aug 27, 2022-05:13 PM (IST)

पटनाः विधानसभा अध्यक्ष के बाद नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में आए विजय कुमार सिन्हा सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर बने हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विजय सिन्हा ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए श्रम विभाग में करोड़ों के गबन का खुलासा किया है।

नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा 19 मार्च, 2021 को बिहार विधानसभा में श्रम संसाधन विभाग के तहत कौशल विकास मिशन का मामला उठा था। चार विधायकों द्वारा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया गया था जिसमें बताया गया था कि वर्ष 2016 से युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए नॉलेज पार्टनर के रूप में एमकेसीएल (MKCL), पुणे का चयन किया गया है। रोजगार की जानकारी के लिए प्लेसमेंट पोर्टल का प्रावधान करना था। 3 वर्षों तक बिना प्रावधान किए करोड़ों रुपए प्राप्त किया गया। विभागीय पदाधिकारी की मिलीभगत से सरकारी राशि का गबन किया गया है।

विजय सिन्हा ने राजस्व पार्षद के अपर सदस्य सुधीर कुमार के एक पत्र को साझा किया, जिसमें श्रम संसाधन विभाग से छह बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी। यह पत्र 12 अप्रैल, 2021 को श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव को भेजा गया था। नेता प्रतिपक्ष ने सवालिया लहजे में कहा कि यह मामला सीधा मुख्यमंत्री कार्यालय में जुड़ा है तो क्या भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति रखने वाले मुख्यमंत्री नीतीश क्या इस मामले की निष्पक्ष स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static