बिहार का युवा सड़कों पर प्रदर्शन कर लाठी खा रहा और तेजस्वी विदेश में छुट्टी मना रहे, जायसवाल का हमला
Sunday, Jul 02, 2023-05:18 PM (IST)

पटनाः बिहार बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन आज बिहार का युवा सड़कों पर प्रदर्शन कर लाठी खा रहा हैं और तेजस्वी यादव छात्रों को छोड़कर विदेश में छुट्टी मना रहे हैं।
"बिहार सरकार सबसे पहले शिक्षा मंत्री को हटाएं"
संजय जायसवाल ने कहा कि सीटीईटी-टीईटी अभ्यर्थी चौथी बार पटना में लाठीचार्ज का शिकार हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के द्वारा छात्रों को धमकी दी जा रही हैं। पुलिस पदाधिकारी का यह भाषा लोकतांत्रिक नहीं है। बीते 11 महीनों में महागठबंधन की सरकार ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में 8 बार संशोधन किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो इसलिए सरकार नियमावली में बदलाव कर रही है। जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार सबसे पहले शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर को हटाएं। जब तक वह शिक्षा मंत्री रहेंगे तब तक बिहार में छात्रों का आंदोलन उनके बयानों से होता रहेगा। बिहार सरकार छात्रों की बातों को सहानुभूति पूर्वक सुने।
"नीतीश का अस्तित्व समाप्त होने वाला है"
वहीं, नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार अचानक अपने विधायकों और सांसदों से मिल रहे हैं क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समझ गए हैं कि अब उनका अस्तित्व समाप्त होने वाला है। पहले कभी विधायकों और सांसदों के साथ बात नहीं की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को छोड़कर महागठबंधन के खिलाफ जो हमारे साथ आना चाहता है, हम उनका साथ ले सकते हैं। मगर नीतीश कुमार को बीजेपी अब कभी स्वीकार नहीं करेगी। नीतीश कुमार के पलटी मारने के कारण विपक्षी दल भी उन पर भरोसा नहीं करती है।